बिहार विधानसभा चुनाव की सरगर्मी तेज हो चुकी है और सभी राजनीतिक दल अपनी रणनीति को धार देने में जुटे हैं। इस बार चुनावी मैदान में सिर्फ राजनेता ही नहीं, बल्कि प्रशासनिक अधिकारी, पत्रकार और फिल्मी हस्तियां भी अपनी किस्मत आजमाने को तैयार हैं। इसी क्रम में देश के वरिष्ठ पत्रकार रवि त्रिपाठी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया है।
शनिवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित मिलन समारोह में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में त्रिपाठी ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इससे एक दिन पहले शुक्रवार को उन्होंने सीतामढ़ी के पुनौराधाम में गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर मार्गदर्शन और आशीर्वाद प्राप्त किया था।
चुनाव में निभाएंगे सक्रिय भूमिका
मिलन समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत में रवि त्रिपाठी ने कहा कि वे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल के नेतृत्व में आगामी विधानसभा चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उन्होंने पार्टी की विचारधारा को देशहित में बताया और कहा कि वे अब पत्रकारिता से राजनीति की ओर एक नई यात्रा शुरू कर रहे हैं।
24 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव
रवि त्रिपाठी का नाम देश के वरिष्ठ राजनीतिक पत्रकारों में शुमार है। पिछले 24 वर्षों से उन्होंने देश की प्रमुख राजनीतिक गतिविधियों को नज़दीक से कवर किया है। बाल्यकाल से स्वयंसेवक रहे त्रिपाठी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) में पूर्णकालिक कार्यकर्ता भी रह चुके हैं।
छात्र राजनीति से शुरू हुआ सफर
त्रिपाठी ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से छात्र राजनीति में कदम रखा। वे दिल्ली विश्वविद्यालय के दयाल सिंह कॉलेज में वर्ष 1996 में छात्र संघ अध्यक्ष चुने गए थे। 1998 में उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) के उपाध्यक्ष पद का चुनाव भी लड़ा। दिल्ली में पूर्वांचल के छात्रों के बीच वे एक सशक्त आवाज के रूप में पहचाने जाते हैं।